उत्तरकाशी। अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज गेंवला में आयोजित जनपद स्तरीय विज्ञान महोत्सव-2026 में विद्यालय के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन किया। विभिन्न विषयों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विद्यालय के सात विद्यार्थियों ने राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए जगह बनाई। इनमें पांच विद्यार्थियों ने प्रथम और दो ने द्वितीय स्थान हासिल किया। विद्यार्थियों की इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार और क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
विज्ञान, नवाचार और वैज्ञानिक दृष्टिकोण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित महोत्सव में जनपद के विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ प्रतिभाग किया। प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने अपनी वैज्ञानिक सोच, रचनात्मकता और प्रतिभा का प्रदर्शन किया। विद्यालय में पहली बार आयोजित जनपद स्तरीय विज्ञान महोत्सव को सफल बनाने के लिए व्यापक व्यवस्थाएं की गई थीं।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला पंचायत सदस्य बुद्धि सिंह राणा और अति विशिष्ट अतिथि मुख्य शिक्षा अधिकारी अमित कोटियाल की उपस्थिति में हुआ। कार्यक्रम स्थल संयोजक एवं विद्यालय के प्रधानाचार्य उपेंद्र सिंह रावत ने अतिथियों का स्वागत किया। इस दौरान जिला समन्वयक विज्ञान विनोद कुमार घीड़ियाल, जसपुर के ग्राम प्रधान आशीष कुमार, खुरमोला के ग्राम प्रधान पामेन्द्र सिंह भंडारी, बड़ेथ के ग्राम प्रधान मनराज राणा और क्षेत्र पंचायत सदस्य गेंवला अनिल रावत सहित विभिन्न विकासखंडों के विज्ञान समन्वयक मौजूद रहे। वरिष्ठ पत्रकार विपिन नेगी और सुरेश चंद रमोला ने भी कार्यक्रम में प्रतिभाग किया।
एनसीसी कैडेट्स ने संभाली व्यवस्था
महोत्सव के दौरान अनुशासन और प्रबंधन की जिम्मेदारी एनसीसी प्रभारी लेफ्टिनेंट प्रयाग नाथ के नेतृत्व में कैडेट्स ने संभाली। कैडेट्स ने अतिथि सत्कार से लेकर व्यवस्थापन तक महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम की सुव्यवस्थित व्यवस्थाओं की अतिथियों और शिक्षकों ने सराहना की।
शिक्षकों के मार्गदर्शन को दिया श्रेय

विद्यालय के सात विद्यार्थियों का राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयन शैक्षणिक गतिविधियों और विज्ञान के प्रति विद्यार्थियों की रुचि को दर्शाता है। विज्ञान शिक्षक धनवीर शाह सहित विद्यालय के विज्ञान शिक्षकों ने विद्यार्थियों को मार्गदर्शन और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। विद्यालय प्रबंधन ने चयनित विद्यार्थियों को बधाई देते हुए राज्य स्तर पर भी बेहतर प्रदर्शन करने की शुभकामनाएं दीं।
जनपद स्तरीय विज्ञान महोत्सव के सफल आयोजन को विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, नवाचार और रचनात्मक क्षमता विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
पांच विद्यार्थियों ने हासिल किया प्रथम स्थान, दो रहे द्वितीय
विद्यालय में पहली बार हुआ जनपद स्तरीय विज्ञान महोत्सव का आयोजन



