पुरोला/ उत्तरकाशी। मोरी विकासखंड के भीतरी गांव के भेड़पालकों को चांगसील बुग्याल स्थित रयाली थाच में प्राकृतिक आपदा का भारी नुकसान उठाना पड़ा। सोमवार रात हुई बारिश, बर्फबारी और मंगलवार तड़के आकाशीय बिजली गिरने से 12 भेड़-बकरियों की मौत हो गई, जबकि 40 से अधिक भेड़-बकरियां लापता बताई जा रही हैं। सूचना मिलने पर राजस्व विभाग की टीम मौके के लिए रवाना हो गई है।
जानकारी के अनुसार इन दिनों भीतरी गांव के पशुपालक अपनी भेड़-बकरियों को चांगसील बुग्याल में चराने ले गए हैं। सोमवार रात क्षेत्र में तेज बारिश और बर्फबारी हुई। मंगलवार सुबह करीब छह बजे आकाशीय बिजली गिरने से प्रकाश सिंह, सुरेश और सोवन सिंह की भेड़-बकरियों की टोली इसकी चपेट में आ गई। घटना में 12 भेड़-बकरियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 40 से 50 भेड़-बकरियां लापता हो गईं।

भीतरी ग्राम प्रधान महेंद्र कुंवर ने बताया कि चांगसील बुग्याल क्षेत्र में दूरसंचार सुविधा नहीं होने के कारण घटना की सूचना देर से मिल सकी। सूचना मिलते ही प्रशासन को अवगत कराया गया।
तहसीलदार मोरी सरदार सिंह चौहान ने बताया कि चांगसील बुग्याल के रयाली थाच क्षेत्र में बारिश, बर्फबारी और आकाशीय बिजली गिरने से दर्जनभर भेड़-बकरियों की मौत तथा कई पशुओं के लापता होने की सूचना प्राप्त हुई है। उप राजस्व निरीक्षक के नेतृत्व में राजस्व विभाग की टीम को मौके पर भेज दिया गया है। टीम के निरीक्षण के बाद नुकसान का आकलन कर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।



