शनिवार, 1 August 2026ब्रेकिंग न्यूज़ :
धर्मेंद्र प्रधान ने शिक्षा मंत्री के पद से दिया इस्तीफा, पीएम को लिखे पत्र में छात्रों के हितों का दिया हवाला   ◆   दिल्ली मार्च में जा रहे उत्तराखंड परिवर्तन पार्टी अध्यक्ष को रोकने पर हाईकोर्ट की पुलिस को फटकार   ◆   द्रीनाथ चढ़ावा हेराफेरीःआरोपी नौटियाल पुलिस गिरफ्त में   ◆   युवक की गला रेत कर हत्या,बीच बचाव में दो महिलाएं गभीर   ◆   पुलिस थानों को बम से उड़ाने की धमकी देने वाला आरोपी गिरफ्तार   ◆   प्रशासन और पुलिस की वार्ता का सार्थक परिणाम निकला,वापस लौटे निहंग   ◆   मानसून से पहले बारिश का तांडव, नारायणबगड़ में अतिवृष्टि से बाजार और हाईवे प्रभावित   ◆   बेकाबू वाहन ने 5 लोगों को रौंदा, एक की दर्दनाक मौत   ◆   

डोडीताल बुग्याल में आसमानी आफत, बिजली गिरने से 225 से अधिक भेड़-बकरियों की मौत

दो दर्जन से अधिक पशुपालकों को भारी नुकसान, राजस्व टीम  पैदल ट्रैक कर मौके के लिए रवाना

उत्तरकाशी। जिले के डोडीताल क्षेत्र स्थित पखोटु बुग्याल में सोमवार देर रात कुदरत का कहर टूट पड़ा। तेज बारिश के बीच आकाशीय बिजली गिरने से 225 से अधिक भेड़-बकरियों की मौत हो गई, जबकि सैकड़ों मवेशियों के अब भी लापता होने की सूचना है। हादसे में अस्सी गंगा घाटी और मोरी क्षेत्र के दो दर्जन से अधिक भेड़-बकरी पालकों को भारी आर्थिक नुकसान पहुंचा है।

ग्रामीणों के अनुसार इन दिनों करीब दो दर्जन पशुपालक अपने 300 से अधिक भेड़-बकरियों के साथ पखोटु बुग्याल में प्रवास पर थे। सोमवार देर रात अचानक मौसम बिगड़ गया। तेज बारिश और गरज-चमक के बीच गिरी आकाशीय बिजली की चपेट में बड़ी संख्या में भेड़-बकरियां आ गईं। मौके पर ही 225 से अधिक मवेशियों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य जानवर बिखर गए और उनका अभी तक कोई पता नहीं चल सका है।

मंगलवार सुबह एक व्यक्ति बुग्याल से अगोड़ा और ढासड़ा गांव पहुंचा तथा ग्रामीणों को हादसे की जानकारी दी। सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने जिला प्रशासन को अवगत कराया। प्रशासन के निर्देश पर राजस्व उपनिरीक्षक अपनी टीम के साथ मौके के लिए रवाना हो गए हैं।

बताया गया कि घटनास्थल तक पहुंचने के लिए करीब 22 किलोमीटर का पैदल ट्रैक करना पड़ता है। प्रशासन की टीम मौके पर पहुंचकर नुकसान का आकलन करेगी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार यह हाल के वर्षों में जिले में आकाशीय बिजली से पशुधन को हुई सबसे बड़ी क्षति मानी जा रही है।

Share your love
दिगंबर उपाध्याय
दिगंबर उपाध्याय
Articles: 44

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *