गोपेश्वर
उच्च हिमालयी क्षेत्र में स्थित चतुर्थ केदार भगवान रुद्रनाथ धाम के कपाट आगामी 17 अक्टूबर को शीतकाल के लिए बंद होंगे। कल रक्षाबंधन के पर्व पर पंचांग गणना के बाद यह तिथि निर्धारित की गई।
परम्परिक रूप से शुक्रवार को रक्षाबंधन के अवसर पर पौराणिक परंपराओं एवं पंचांग गणना के बाद चतुर्थ केदार श्री रुद्रनाथ मंदिर के कपाट शीतकाल के लिए आगामी 17 अक्टूबर 2026 को बंद किए जाएंगे।

रुद्रनाथ धाम के मुख्य पुजारी हरीश भट्ट जी के अनुसार, ज्योतिषीय गणना के तहत 17 अक्टूबर को कार्तिक संक्रांति पर्व पर सायं 07:47 बजे सूर्य के तुला राशि में प्रवेश के साथ ही कपाट बंद होने की विधि-विधान पूर्वक प्रक्रिया प्रारंभ होगी। अगले दिन भगवान रुद्रनाथ की डोली गोपेश्वर प्रस्थान करेगी। शीतकाल में भगवान रुद्रनाथ की पूजा अर्चना गोपीनाथ मंदिर में होगी। इस बीच इस अत्यंत दुर्गम धाम में शिव भक्तों का पहुंचना निरंतर जारी है। सेंचुरी एरिया होने के कारण रुद्रनाथ जाने के लिए कुछ प्रतिबंध हैं, इसके बावजूद बड़ी संख्या में श्रद्धालु वहां पहुंच रहे हैं।



